प्रित्येश राज की यह उपलब्धि केवल एक परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि वर्षों की कठिन तपस्या, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास का परिणाम है.
- अंबेडकर चौक के प्रित्येश राज की सफलता पर अपनों के बीच जश्न का माहौल
- संघर्ष, मेहनत और सपनों की उड़ान ने दिलाई भारतीय वन सेवा में जगह
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के अंबेडकर चौक से निकली एक सफलता की कहानी आज पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है. साधारण परिवार में पले-बढ़े प्रित्येश राज ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित UPSC IFOS परीक्षा में देशभर में 79वीं रैंक हासिल कर बक्सर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया. जैसे ही परिणाम सामने आया, घर से लेकर मोहल्ले तक खुशी की लहर दौड़ गई और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया.
प्रित्येश राज की यह उपलब्धि केवल एक परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि वर्षों की कठिन तपस्या, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास का परिणाम है. उनके पिता प्रफुल्ल कुमार बिजली विभाग में निजी कार्य करते हैं, जबकि माता मधुबाला देवी गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी और बच्चों के सपनों को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी.
प्रित्येश की शुरुआती पढ़ाई बक्सर के डीएवी स्कूल से हुई, जहां उन्होंने वर्ष 2013 में सीबीएसई बोर्ड से मैट्रिक की परीक्षा पास की. इसके बाद उन्होंने डीपीएस बोकारो से इंटरमीडिएट किया. तकनीकी शिक्षा के लिए उन्होंने पिलानी से बीटेक और फिर आईआईटी दिल्ली से एमटेक की डिग्री प्राप्त की. गेट परीक्षा में सफलता मिलने के बाद उनके पास बेहतर करियर विकल्प मौजूद थे, लेकिन उन्होंने आरामदायक नौकरी के बजाय देशसेवा का रास्ता चुना और यूपीएससी की तैयारी में पूरी ताकत झोंक दी.
उनका परिवार भी प्रतिभाओं से भरा हुआ है. छोटी बहन गरिमा राज असिस्टेंट प्रोफेसर हैं, जबकि सबसे छोटी बहन अंकिता राज स्केटिंग में स्टेट चैंपियन रह चुकी हैं. अब प्रित्येश की इस उपलब्धि ने पूरे परिवार को नई पहचान दिलाई है.
प्रित्येश राज की सफलता ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों के युवाओं के सपने भी बड़े हो सकते हैं. यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सीमित संसाधन भी रास्ता नहीं रोक सकते. उनकी उपलब्धि अब बक्सर के हजारों युवाओं के लिए उम्मीद और प्रेरणा का प्रतीक बन गई है.
प्रित्येश राज को बधाई देने वालों में पंकज ठाकुर, चंद्रकिशोर उर्फ गुड्डू, लक्ष्मी प्रसाद, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन देवी समेत कई गणमान्य लोग शामिल रहे.






.png)











0 Comments