कहा कि किसी जनप्रतिनिधि का काम दबाव या दबंगई दिखाना नहीं, बल्कि जनता के साथ बैठकर समस्याओं का समाधान निकालना होता है.
- क्षेत्र में नाली-गली, जर्जर सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से परेशान हैं लोग
- वायरल वीडियो का हवाला देकर विधायक पर दबंगई और जनता से दूरी बनाने का लगाया आरोप
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सड़क, जलजमाव और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर समाजसेवी ने प्रेस वार्ता कर स्थानीय विधायक की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि वर्षों से एक ही जनप्रतिनिधि के नेतृत्व में रहने के बावजूद क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं. उनका आरोप था कि चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनने से बचते हैं, जबकि जनता आज भी नली-गली और टूटी सड़कों की समस्या से जूझ रही है.
प्रेस वार्ता के दौरान अविनाश पांडेय ने कहा कि ब्रह्मपुर विधानसभा के कई इलाकों में सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. उन्होंने बड़का राजपुर से सिमरी बाजार तक की सड़क का उदाहरण देते हुए कहा कि महज तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को आधे घंटे से अधिक समय लग जाता है. बारिश और जलभराव की स्थिति में हालात और भी भयावह हो जाते हैं. उनका कहना था कि खराब सड़कों के कारण मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सकता, जिससे कई बार गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
समाजसेवी ने विधायक के एक वायरल वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें सड़क निर्माण विवाद के दौरान कथित तौर पर राइफल निकालने जैसी बात कही गई थी. उन्होंने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि का काम दबाव या दबंगई दिखाना नहीं, बल्कि जनता के साथ बैठकर समस्याओं का समाधान निकालना होता है. उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक जनता से संवाद स्थापित करने के बजाय विरोध करने वालों को नजरअंदाज करते हैं.
अविनाश पांडेय ने यह भी कहा कि चुनाव जीतने के बाद विधायक पूरी विधानसभा का प्रतिनिधि होता है. ऐसे में वोट देने या नहीं देने के आधार पर जनता के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति धीमी है और जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.
प्रेस वार्ता में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. उन्होंने कहा कि ब्रह्मपुर क्षेत्र में ऐसा कोई बेहतर अस्पताल नहीं है, जहां 24 घंटे आपातकालीन इलाज की सुविधा उपलब्ध हो. गंभीर मरीजों को खराब रास्तों से होकर बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाने में काफी समय लग जाता है. साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में बिना पैरवी गरीब मरीजों को पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पाती है.
वहीं, विधायक पर व्यवसाय को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए अविनाश पांडेय ने कहा कि जनता की समस्याओं से ज्यादा ध्यान निजी कारोबार पर दिया जा रहा है. उन्होंने एक अन्य वायरल वीडियो का हवाला देते हुए किसानों से सरकारी दर से कम कीमत पर मक्का खरीदने का आरोप भी लगाया.
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने युवाओं से राजनीति और सामाजिक जिम्मेदारियों में आगे आने की अपील की. उनका कहना था कि जब तक युवा वर्ग सक्रिय होकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से नहीं उठाएगा, तब तक क्षेत्र में वास्तविक विकास संभव नहीं हो पाएगा.
वीडियो :






.png)











0 Comments