कहा कि स्थापना काल से अब तक शहर और जिले के कई साईं भक्त मंदिर की व्यवस्था और विकास कार्यों में लगातार सहयोग देते रहे हैं और उन्हें भी इस सेवा कार्य का अवसर मिलना सौभाग्य की बात लगती है.

- 30 जून को जलाभिषेक, पालकी यात्रा, भजन-कीर्तन और महाआरती का होगा आयोजन
- हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, समिति ने लोगों से मांगा सहयोग
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सतीघाट स्थित साईं बाबा मंदिर एक बार फिर भक्ति और आस्था के रंग में रंगने की तैयारी में जुट गया है. श्री साईं श्रद्धा संस्थान, बक्सर की ओर से 30 जून 2026 को आयोजित होने वाले साईं बाबा मंदिर के 17वें वार्षिक पूजनोत्सव एवं स्थापना समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी सिलसिले में गोला बाजार स्थित एक निजी आवास पर आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष और आयकर अधिवक्ता सुरेश संगम ने की, जबकि संचालन साईं अजय जी ने किया. बैठक के बाद सुरेश संगम ने बताया कि शिर्डी के साईं बाबा की तर्ज पर बक्सर के सतीघाट में स्थापित साईं मंदिर में पिछले 16 वर्षों से नियमित रूप से पूजा-अर्चना की जा रही है. प्रत्येक वर्ष 30 जून को स्थापना दिवस और वार्षिक पूजनोत्सव के रूप में इसे विशेष रूप से मनाया जाता है.
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर बक्सर सहित आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं, जहां वे दर्शन-पूजन कर प्रसाद ग्रहण करते हैं. उन्होंने कहा कि स्थापना काल से अब तक शहर और जिले के कई साईं भक्त मंदिर की व्यवस्था और विकास कार्यों में लगातार सहयोग देते रहे हैं और उन्हें भी इस सेवा कार्य का अवसर मिलना सौभाग्य की बात लगती है.
संस्थान के कोषाध्यक्ष चंदन गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 6 बजे से शुरू होगा और देर रात तक चलेगा. आयोजन के दौरान जलाभिषेक, विशेष पूजन, हवन, पालकी यात्रा, भजन-कीर्तन और संध्या में विशेष महाआरती का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा.
बैठक का संचालन कर रहे साईं अजय जी ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक लोग अपनी भागीदारी और सहयोग सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाया जा सके.
बैठक में साईं शशि वर्मा, राजू श्रीवास्तव, इंद्र कुमार, नागेंद्र प्रसाद, धर्मेंद्र प्रसाद, राज जायसवाल, सुदर्शन जी, राज मुनि, राज अरोड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे.





.png)









0 Comments