कहा कि गोला बाजार बक्सर का एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां एक-दो नहीं बल्कि बड़ी संख्या में दुकानें स्थित हैं. ऐसे में यहां कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है. उन्होंने कहा कि बाजार के समीप ही पोस्ट ऑफिस भी मौजूद है.
- व्यावसायिक मंडी होने के कारण गोला बाजार में हमेशा बनी रहती है बड़ी घटना की आशंका
- लौटते ही जिलाधिकारी को सौंपेंगे मांग पत्र, पीड़ित व्यवसायी के साथ खड़े होने की बात कही
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के गोला बाजार स्थित लल्लू केशरी की किराना दुकान में लगी भीषण आग की घटना के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने जिला प्रशासन से गोला बाजार क्षेत्र में स्थायी दमकल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह केवल एक दुकान में आग लगने की घटना नहीं है, बल्कि इससे बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवाल भी सामने आए हैं.
पंकज उपाध्याय ने कहा कि गोला बाजार बक्सर का एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां एक-दो नहीं बल्कि बड़ी संख्या में दुकानें स्थित हैं. ऐसे में यहां कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है. उन्होंने कहा कि बाजार के समीप ही पोस्ट ऑफिस भी मौजूद है और इलाके में हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है.
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि गोला बाजार जैसे संवेदनशील और व्यावसायिक क्षेत्र के लिए दमकल की एक गाड़ी नियमित रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए. उन्होंने कहा कि महिला थाना परिसर में इसके लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है. ऐसे में वहां एक दमकल वाहन स्थायी रूप से तैनात किया जा सकता है ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल वह बक्सर से बाहर हैं, लेकिन वापस लौटते ही सबसे पहले जिलाधिकारी से मिलेंगे और उन्हें लिखित रूप से अपना मांग पत्र सौंपेंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि आग की घटना से प्रभावित व्यवसायी और उनके परिवार के साथ पूरा कांग्रेस परिवार मजबूती से खड़ा है तथा हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है.






.png)









0 Comments