वीडियो : सड़े आमों के नीचे छिपी थी 34 लाख की शराब, गंगा पुल चेकपोस्ट पर मद्य निषेध टीम की बड़ी कार्रवाई ..

ट्रक के ऊपरी हिस्से में बड़ी संख्या में सड़े-गले आमों की टोकरियां लदी थीं. पहली नजर में यह फलों से भरा सामान्य मालवाहक वाहन प्रतीत हो रहा था, लेकिन टीम को वाहन पर संदेह हुआ.




                              
  • 325 पेटियों में छिपाकर ले जाई जा रही थी 2871.720 लीटर विदेशी शराब, ट्रक चालक गिरफ्तार
  • चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर जा रही थी खेप, सड़े आमों की दुर्गंध के सहारे जांच से बचने की थी कोशिश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धता बताने की एक बड़ी कोशिश को मद्य निषेध विभाग ने विफल कर दिया है. उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़े गंगा पुल स्थित वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान टीम ने सड़े-गले आमों की टोकरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही करीब 34 लाख 46 हजार रुपये मूल्य की विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है. कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया.

मद्य निषेध विभाग के अनुसार चेकपोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में ऊपरी पुल पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई. ट्रक के ऊपरी हिस्से में बड़ी संख्या में सड़े-गले आमों की टोकरियां लदी थीं. पहली नजर में यह फलों से भरा सामान्य मालवाहक वाहन प्रतीत हो रहा था, लेकिन टीम को वाहन पर संदेह हुआ.

जब अधिकारियों ने आम की टोकरियों को हटवाकर नीचे की तलाशी ली तो वहां विदेशी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं. गहन जांच में ट्रक से कुल 325 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिसमें विभिन्न ब्रांड की 2871.720 लीटर शराब शामिल है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख 46 हजार रुपये बताई गई है.

मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के रामशहर नंद निवासी 27 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर पहुंचाई जानी थी.

मद्य निषेध अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि तस्करों ने जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए सड़े हुए आमों की टोकरियों का सहारा लिया था. उनका उद्देश्य दुर्गंध के कारण वाहन की गहन जांच से बचना था. हालांकि टीम की सतर्कता और पुख्ता सूचना के आधार पर शराब की बड़ी खेप को पकड़ लिया गया. उन्होंने बताया कि मामले में गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है तथा शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.












Post a Comment

0 Comments