इटाढ़ी आरओबी क्षतिग्रस्त होने पर जनसुराज का हमला, बोले- "यह हादसा नहीं, 40% कमीशन व्यवस्था का परिणाम" ..

सवाल उठाया कि क्या पुल निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई होगी. क्या उस पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा या फिर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.

 





                               

  • जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना
  • ठेकेदार, इंजीनियर और ओवरलोड वाहनों की जांच की उठाई मांग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ने लगा है. जनसुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोलते हुए इसे महज एक तकनीकी दुर्घटना नहीं बल्कि "40 प्रतिशत कमीशन वाली व्यवस्था का परिणाम" बताया है. उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बने पुल का उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त होना गंभीर सवाल खड़े करता है.

बजरंगी मिश्रा ने कहा कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुसार हुआ था तो फिर इतना बड़ा ढांचा इतनी जल्दी कैसे प्रभावित हो गया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पुल निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई होगी. क्या उस पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा या फिर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.

उन्होंने निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले इंजीनियरों की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि जिस इंजीनियर ने निर्माण गुणवत्ता को प्रमाणित किया, उसकी जवाबदेही तय होगी या नहीं. यदि निर्माण में लापरवाही हुई है तो संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने और उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई होनी चाहिए.

जनसुराज नेता ने यह भी पूछा कि पुल की निर्धारित भार क्षमता कितनी थी और क्या उससे अधिक भार वाले वाहन नियमित रूप से उस मार्ग से गुजर रहे थे. यदि ऐसा हुआ है तो यातायात विभाग और स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए.

उन्होंने अवैध बालू खनन, ओवरलोड ट्रकों और कथित संरक्षण के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. साथ ही कहा कि यदि इस मामले में किसी स्तर पर राजनीतिक संरक्षण मिला है तो उसकी भी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि इस घटना के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है.













Post a Comment

0 Comments