राज्यभर में 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना कार्य का शुभारंभ किया. साथ ही ऊर्जा क्षेत्र की 1278 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं कार्यारंभ भी किया गया.
- पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले को मिला 4129 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं का लक्ष्य
- विधायक आनंद मिश्र बोले- ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में यह ऐतिहासिक पहल
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : अब जिले के हजारों गरीब परिवारों के घरों की छतें सिर्फ आशियाना नहीं, बल्कि बिजली उत्पादन का माध्यम भी बनेंगी. नई सरकार के गठन के 60 दिन पूरे होने के अवसर पर रविवार को ऊर्जा विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बड़े अभियान की शुरुआत की गई. इस योजना के अंतर्गत बक्सर जिले के 4129 बीपीएल एवं कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सरकार की ओर से मुफ्त 1.1 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे.
पटना स्थित विद्युत भवन से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर में 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना कार्य का शुभारंभ किया. साथ ही ऊर्जा क्षेत्र की 1278 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं कार्यारंभ भी किया गया.
बक्सर में आयोजित कार्यक्रम में राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र, जिला पदाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, विद्युत कार्यपालक अभियंता सहित कई प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे.
सदर विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए वरदान साबित होगी. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग से लोगों का बिजली खर्च कम होगा, पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा और बिहार ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि बक्सर के हजारों परिवारों को इस योजना का लाभ मिलना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है.
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ, सस्ती और सतत ऊर्जा उपलब्ध कराना है. सौर संयंत्र लगने से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आएगी और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही कार्बन उत्सर्जन कम होने से पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा.
ऊर्जा विभाग के अनुसार प्रथम चरण में जिले के 4129 लाभुकों के घरों पर सौर संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे 30 नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा. प्रशासन ने पात्र लाभुकों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है.





.png)








0 Comments