समझौता कराने की कोशिश बनी मुसीबत, घर के बाहर हुई फायरिंग से सहमा नुआंव ..

सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल आउट पोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने मौके से दो फायर बुलेट और एक खोखा बरामद किया है. 





                               




  • पुरानी दुश्मनी में घर पहुंचकर गोलियां चलाने का आरोप
  • पुलिस ने मौके से बरामद किए खोखे, आरोपितों की तलाश जारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भभुअर के समीप स्थित नुआंव गांव में आपसी विवाद को सुलझाने का प्रयास एक व्यक्ति के लिए परेशानी का कारण बन गया. मंगलवार रात उसके घर के बाहर फायरिंग किए जाने की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया. गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

नुआंव निवासी गोविंद कुमार मिश्र ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे बभनी निवासी सुशांत तिवारी और नुआंव निवासी सतेंद्र सिंह उनके घर के बाहर पहुंचे. आरोप है कि दोनों ने पहुंचते ही तीन राउंड फायरिंग कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर भीड़ जुटने लगी. लोगों को आता देख दोनों आरोपित वहां से फरार हो गए.

पीड़ित का कहना है कि कुछ दिन पहले पसहरा और बभनी के दो युवकों के बीच विवाद हुआ था. उस दौरान उन्होंने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया था. आरोप है कि इसी बात को लेकर कुछ लोग उनसे नाराज चल रहे थे. उनका मानना है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण उनके घर के बाहर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया.

घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल आउट पोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने मौके से दो फायर बुलेट और एक खोखा बरामद किया है. मामले में दो नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

आउटपोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि आरोपितों में शामिल एक व्यक्ति के बारे में अपराधी प्रवृत्ति का होने की जानकारी मिली है. हाल ही में उसके जेल से बाहर आने की भी सूचना मिली है. हालांकि वह किस मामले में जेल गया था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.












Post a Comment

0 Comments