औरंगाबाद की टीम ने शुरू से ही तेज बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए महज पांच ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और टीम को फाइनल में पहुंचा दिया.
- घातक गेंदबाजी के सामने 38 रन पर ढेर हुई बलिया की टीम
- पांच ओवर में लक्ष्य हासिल कर औरंगाबाद ने दिखाई ताकत
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कमरपुर प्रीमियम लीग के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में बिहार की औरंगाबाद टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. बुधवार रात खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में औरंगाबाद ने उत्तर प्रदेश की बलिया टीम को एकतरफा मुकाबले में हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल कर लिया. मैच के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया.
मुकाबले में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी बलिया की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती नजर आई. औरंगाबाद के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया. लगातार विकेट गिरने से बलिया की टीम निर्धारित 10 ओवर में केवल 38 रन बनाकर सिमट गई.
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी औरंगाबाद की टीम ने शुरू से ही तेज बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए महज पांच ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और टीम को फाइनल में पहुंचा दिया. जीत के बाद मैदान में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों से स्वागत करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया.
टूर्नामेंट का उद्घाटन कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. मनोज पांडे तथा कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने संयुक्त रूप से किया. दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की.
डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देती हैं. उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है.
विनोद कुमार मौर्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है.
इस दौरान बक्सर जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय कुमार दुबे, महेंद्र चौबे सहित कांग्रेस परिवार के कई कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे. आयोजन को सफल बनाने में सोनू कुमार, ओम प्रकाश यादव, प्रियांशु राय, श्रीभगवान कुमार, विमलेश राय, जनार्दन यादव और हरेंद्र राम समेत कई युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.






.png)










0 Comments