इसके बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में ब्रह्मपुर प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से चुने गए सूबेदार अजय कुमार सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. इस अवसर पर उपस्थित पूर्व सैनिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया.
- सूबेदार अजय कुमार सिंह बने ब्रह्मपुर प्रखंड अध्यक्ष, पद एवं गोपनीयता की दिलाई गई शपथ
- पूर्व सैनिकों के सम्मान और संगठन विस्तार के संकल्प के साथ संपन्न हुआ भव्य समारोह
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, जिला बक्सर के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा. ब्रह्मपुर प्रखंड में संघ के नए कार्यालय का भव्य उद्घाटन तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों की उपस्थिति ने संगठन की मजबूती और एकजुटता का संदेश दिया.
समारोह का शुभारंभ सुबह 10 बजे जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने फीता काटकर नए कार्यालय का उद्घाटन कर किया. इसके बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में ब्रह्मपुर प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से चुने गए सूबेदार अजय कुमार सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. इस अवसर पर उपस्थित पूर्व सैनिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह (सेना मेडल) ने की, जबकि मंच संचालन संघ के सचिव मिथिलेश कुमार यादव ने किया. समारोह के दौरान संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पूर्व सैनिकों की भूमिका, उनके अधिकारों और संगठन की आगामी योजनाओं पर अपने विचार रखे.
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने संगठन की मजबूती, पूर्व सैनिकों के कल्याण तथा समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की. लगभग एक घंटे तक चले उनके संबोधन के दौरान सभागार बार-बार तालियों से गूंजता रहा. उन्होंने कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी के बल पर पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है.
नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष सूबेदार अजय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं पूर्व सैनिकों का फूल-माला और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई तथा सर्वसम्मति से समारोह के सफल समापन की घोषणा की गई.
समारोह में सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह, सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह (सेना मेडल), जयप्रकाश प्रसाद, राजबली सिंह, मिथिलेश कुमार यादव, सूबेदार ललन तिवारी, मोहन यादव, कैप्टन राजीव रंजन तिवारी और सूबेदार सुरेंद्र सिंह सहित संघ के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे. इसके अलावा ब्रह्मपुर प्रखंड के सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई.





.png)








0 Comments