स्टेशन रोड पर चार दिन से पड़ी टूटी डाल, जिम्मेदारी तय करने में उलझे विभाग, राहगीर परेशान ..

प्रतिदिन हजारों यात्री रेलवे स्टेशन से इसी रास्ते शहर में प्रवेश करते हैं. इसके बावजूद चार दिनों तक सड़क पर पड़ी डालियों को हटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

  





                               


  • कमलदह पोखर पार्क के पास मार्ग आंशिक रूप से बाधित, किसी तरह निकल रहे वाहन
  • शिकायत के बाद हरकत में आया नगर परिषद, ईओ ने कहा- तुरंत हटवाई जा रही डालियां

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रेलवे स्टेशन रोड स्थित कमलदह पोखर पार्क के समीप आंधी में टूटकर गिरी पेड़ की बड़ी डालियां पिछले चार दिनों से सड़क किनारे पड़ी हुई हैं. इससे रेलवे स्टेशन से नगर की ओर आने वाले प्रमुख मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है. हालांकि जिस स्थान पर डालियां गिरी हैं वहां डिवाइडर नहीं होने के कारण वाहन किसी तरह निकल जा रहे हैं, लेकिन दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है. प्रतिदिन हजारों यात्री रेलवे स्टेशन से इसी रास्ते शहर में प्रवेश करते हैं. इसके बावजूद चार दिनों तक सड़क पर पड़ी डालियों को हटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सामाजिक कार्यकर्ता सुप्रभात गुप्ता ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी से बातचीत की थी. उनके अनुसार उन्हें बताया गया कि मामला वन विभाग से संबंधित है. इसके बाद जब उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया तो वहां से कहा गया कि सड़क पर गिरी डालियों को हटाने की जिम्मेदारी नगर परिषद की है.

सुप्रभात गुप्ता ने कहा कि पिछले चार दिनों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन न तो नगर परिषद के किसी अधिकारी की नजर इस पर पड़ी और न ही किसी कर्मचारी ने इसे हटाने की पहल की. उन्होंने इसे प्रशासनिक उदासीनता बताते हुए कहा कि व्यस्त सड़क पर इस तरह बाधा बने रहना दुर्भाग्यपूर्ण है.

वहीं इस मामले में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋत्विक कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें इस संबंध में पहले कोई सूचना नहीं मिली थी. जानकारी मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है और संबंधित कर्मियों को भेजकर सड़क पर पड़ी डालियों को हटवाया जा रहा है.

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही सड़क को पूरी तरह साफ कर आवागमन सामान्य किया जाएगा, ताकि रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और शहरवासियों को राहत मिल सके.














Post a Comment

0 Comments