पुत्र ने अपने 74 वर्षीय पिता की कुदाल के बेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी. बीच-बचाव करने पहुंची मां भी हमले में घायल हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है.
दिल्ली की संपत्ति अपने नाम कराने को लेकर चल रहा था विवाद, बीच-बचाव में मां भी हुई घायल
पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुसा आरोपी, वारदात के बाद फरार; हत्या में प्रयुक्त कुदाल का बेट बरामद
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के सुरौंधा गांव में संपत्ति विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया. दिल्ली में खरीदे गए फ्लैटों को लेकर चल रहे विवाद में एक पुत्र ने अपने 74 वर्षीय पिता की कुदाल के बेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी. बीच-बचाव करने पहुंची मां भी हमले में घायल हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल का बेट बरामद कर लिया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
मृतक की पहचान सुरौंधा गांव निवासी शिवशंकर तिवारी उर्फ पहलवान तिवारी के रूप में हुई है. वहीं उनकी पत्नी प्रेमा देवी घायल हो गई हैं. पुलिस के अनुसार हत्या का आरोप उनके बड़े पुत्र शेषनाथ तिवारी उर्फ बबलू पर है.
जानकारी के अनुसार शिवशंकर तिवारी लंबे समय तक दिल्ली में रहकर नौकरी करते थे. उन्होंने अपनी कमाई से बुद्धा कॉलोनी, नरेला समेत चार स्थानों पर फ्लैट खरीदे थे. बताया जाता है कि आरोपी अपनी मां के नाम पर मौजूद नरेला स्थित फ्लैट को अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था. माता-पिता द्वारा इनकार किए जाने के बाद विवाद लगातार बढ़ता गया.
ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार की सुबह आरोपी गांव पहुंचा और पड़ोसी की छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ. उसके हाथ में कुदाल का बेट था. घर में घुसते ही उसने अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने से शिवशंकर तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए. शोर सुनकर पहुंची मां प्रेमा देवी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया.
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल वृद्ध को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक , एसडीपीओ तथा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल का बेट बरामद कर लिया है. बताया जाता है कि आरोपी वारदात के बाद उसे गांव के उत्तरी छोर स्थित नदी में फेंककर फरार हो गया था. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोग रिश्तों के इस दर्दनाक अंत को लेकर स्तब्ध हैं.





.png)








0 Comments