इसी दौरान मथुरा क्षेत्र में कथित रूप से सड़क लुटेरों ने उन्हें अपना निशाना बनाया. आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के दौरान अपराधियों ने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को नाले में फेंक दिया.
- महाराष्ट्र से दिल्ली जा रहे थे वशिष्ठ यादव, लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका
- परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, अपराधियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की उठी मांग
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र स्थित नवाडेरा गांव के एक ट्रेलर चालक की उत्तर प्रदेश के मथुरा में निर्मम हत्या किए जाने की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक की पहचान 40 वर्षीय वशिष्ठ यादव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हत्या के बाद उनका शव नाले में फेंक दिया गया था, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को बरामद किया. घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया, वहीं परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार वशिष्ठ यादव महाराष्ट्र की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रेलर चालक के रूप में कार्यरत थे. वह महाराष्ट्र से माल लेकर दिल्ली की ओर जा रहे थे. इसी दौरान मथुरा क्षेत्र में कथित रूप से सड़क लुटेरों ने उन्हें अपना निशाना बनाया. आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के दौरान अपराधियों ने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को नाले में फेंक दिया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के मित्र गोविंद यादव उर्फ खोखी यादव, राजेंद्र यादव, कमलेश यादव, विवेक यादव सहित कई लोग मथुरा के लिए रवाना हो गए. परिजन भी घटना की सूचना मिलने के बाद से बदहवास हैं. गांव में लोगों की भीड़ लगातार मृतक के घर पहुंच रही है और परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास कर रही है.
ग्रामीणों के अनुसार वशिष्ठ यादव मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे. उनकी कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता था. उनके निधन से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है. अपने पीछे वह दो पुत्र, दो पुत्रियों तथा अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं. घटना के बाद पूरे नवाडेरा गांव में शोक का माहौल है.
इस दर्दनाक घटना पर जनशक्ति जनता दल के बक्सर जिला अध्यक्ष दिनेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि एक परिवार के सहारे को छीन लेने वाली घटना है. उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें कठोर से कठोर सजा दी जाए.
दिनेश यादव ने मृतक के आश्रित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा, सरकारी सहायता तथा बच्चों की शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए विशेष आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की भी मांग की. वहीं स्थानीय लोगों ने भी राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर बढ़ रही लूट एवं अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता जताई है. उनका कहना है कि यदि ऐसे अपराधों पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो लंबी दूरी तक वाहन चलाने वाले चालक लगातार असुरक्षित महसूस करेंगे.





.png)








0 Comments