जमीन विवाद, बिजली आपूर्ति, नगर परिषद से जुड़ी समस्याएं, आधार कार्ड में त्रुटि, सरकारी योजनाओं तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं. विधायक ने सभी आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया.
- सदर विधायक आनंद मिश्र ने 36वें जनसंवाद में सुनी 836 से अधिक शिकायतें, त्वरित समाधान का दिया भरोसा
- विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने व्यवस्था की सराहना की, दिव्यांग युवती ने भी रखी अपनी समस्या
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जासो रोड स्थित सदर विधायक आनंद मिश्र के कमल सेवा केंद्र में आयोजित 36वें जनसंवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे. जमीन विवाद, बिजली आपूर्ति, नगर परिषद से जुड़ी समस्याएं, आधार कार्ड में त्रुटि, सरकारी योजनाओं तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं. विधायक ने सभी आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया. इस जनसंवाद में 836 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं.
जनसंवाद में केवल सदर विधानसभा ही नहीं, बल्कि चौसा, नावानगर समेत अन्य इलाकों से भी लोग पहुंचे. कई फरियादियों ने बताया कि पहली बार उन्हें किसी जनप्रतिनिधि से सीधे मिलकर अपनी समस्या रखने का अवसर मिला. उनका कहना था कि इस तरह की व्यवस्था से लोगों का भरोसा बढ़ता है और समस्याओं के समाधान की उम्मीद भी मजबूत होती है.
सीधे संवाद से बढ़ा लोगों का भरोसा
चौसा से पहुंचे मोहम्मद सगीर ने बताया कि वे जमीन विवाद के मामले को लेकर जनसंवाद में आए थे. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद यहां पहुंचे और विधायक से मुलाकात हुई. उन्हें भरोसा दिलाया गया कि उनके मामले का समाधान कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि पहले इस तरह आम लोगों से सीधे संवाद की व्यवस्था देखने को नहीं मिलती थी.
आधार कार्ड और सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन भी पहुंचे
कार्यक्रम में आधार कार्ड में जन्मतिथि की त्रुटि, नगर परिषद क्षेत्र की समस्याएं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन भी बड़ी संख्या में आए. कई लोगों ने कहा कि यहां व्यवस्थित तरीके से आवेदन लिया जाता है और प्रत्येक मामले के लिए अलग-अलग जिम्मेदारी तय होने से कार्य प्रक्रिया आसान हो जाती है.
दिव्यांग युवती ने रखी प्रमाण पत्र में संशोधन की मांग
नावानगर क्षेत्र से पहुंची एक दिव्यांग युवती ने बताया कि दुर्घटना में उसका एक हाथ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन दिव्यांगता प्रमाण पत्र में केवल 15 प्रतिशत दिव्यांगता दर्ज होने से उसे विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. उसने विधायक से प्रमाण पत्र में संशोधन कराने का अनुरोध किया. विधायक ने उसे सदर अस्पताल जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.
जमीन, बिजली और सड़क बनी प्रमुख शिकायतें
सदर विधायक आनंद मिश्र ने बताया कि 36वें जनसंवाद में सबसे अधिक मामले जमीन विवाद, बिजली, रोजगार, सड़क तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े आए हैं. उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन घरों के ऊपर से गुजरने तथा जर्जर तारों के कारण दुर्घटनाओं की शिकायतें मिली हैं. नगर क्षेत्र में सड़क विस्तार और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी लोगों ने उठाए हैं. उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है.
वीडियो :





.png)








0 Comments