खेत बनी डुमरांव स्टेशन रोड, धान रोपकर जनता ने विधायक को घेरा ..

गड्ढों और जलजमाव से त्रस्त नागरिकों ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा सड़क निर्माण के दावे किए जाते रहे, लेकिन हकीकत यह है कि सड़क आज भी खेत जैसी दिखाई दे रही है. 




                              
  • - गड्ढों और जलजमाव से परेशान नागरिकों ने किया अनोखा प्रदर्शन
  • - सड़क निर्माण के दावों पर उठाए सवाल, जल्द काम नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव स्टेशन रोड की बदहाल स्थिति से नाराज लोगों ने शुक्रवार को सड़क पर धान रोपकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया और विधायक राहुल कुमार सिंह के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की. गड्ढों और जलजमाव से त्रस्त नागरिकों ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा सड़क निर्माण के दावे किए जाते रहे, लेकिन हकीकत यह है कि सड़क आज भी खेत जैसी दिखाई दे रही है. लोगों का कहना था कि यदि सड़क बन गई होती तो धान रोपकर विरोध जताने की नौबत नहीं आती. इसी के विरोध में स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने सड़क को प्रतीकात्मक खेत बनाकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट करने का प्रयास किया.

नगर परिषद डुमरांव का स्टेशन रोड नगर की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में से एक माना जाता है. रेलवे स्टेशन, बाजार और कई प्रमुख इलाकों को जोड़ने वाले इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है. बावजूद इसके सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. बारिश के बाद जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.

दुर्घटनाओं का बन रहा कारण

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है. जलजमाव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं. कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.

विधायक के दावों पर सवाल

विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने विधायक राहुल कुमार सिंह को सीधे तौर पर निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि विधायक ने कई बार दावा किया कि सड़क निर्माण के लिए उन्होंने अपने निजी फंड से राशि उपलब्ध कराई है, लेकिन सड़क की वर्तमान स्थिति उनके दावों की सच्चाई बता रही है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जनता को केवल आश्वासन मिले, जबकि सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती गई.

चुनावी मुद्दा बनी सड़क आज भी बदहाल

लोगों का कहना था कि विधानसभा चुनाव के दौरान स्टेशन रोड का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था. सड़क निर्माण को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन चुनाव के बाद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जनता की परेशानी को लेकर गंभीरता दिखाई जाती तो आज सड़क पर धान रोपने की नौबत नहीं आती.

पूर्व विधायक के कार्यकाल का किया जिक्र

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह के कार्यकाल में सड़क निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी. अब केवल निर्माण कार्य होना बाकी है, लेकिन वर्तमान विधायक अब तक काम शुरू नहीं करा पाए हैं. लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया.

प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन रोड के शीघ्र पुनर्निर्माण, गड्ढों की मरम्मत और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.

प्रदर्शन में छात्र नेता मनीष यादव, बीडीसी नंदन, हरेंद्र यादव, जीतू यादव, बब्लू यादव, नागेंद्र यादव, कविंद्र यादव, देवेंद्र सिंह, मुखिया इंदल सिंह, सुनील सिंह, जितेंद्र यादव, सोनू सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राजद नेता मंटू यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.













Post a Comment

0 Comments