पहले ही प्रयास में बनीं राजस्व अधिकारी, बक्सर की मधु कुमारी ने बढ़ाया जिले का मान ..

उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया. बक्सर स्थित अपने निवास पर रहकर प्रतिदिन 7 से 8 घंटे अध्ययन किया और सेल्फ स्टडी के माध्यम से पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली. 

मधु कुमारी

 




                              


  • सेल्फ स्टडी के दम पर हासिल की सफलता, परिवार को दिया श्रेय
  • युवाओं को संदेश- दृढ़ता और निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के सोनवर्षा गांव की बेटी सुश्री मधु कुमारी ने पहले ही प्रयास में राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है. स्वाध्याय (सेल्फ स्टडी) के बल पर हासिल की गई इस सफलता ने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा की नई मिसाल पेश की है.

मधु कुमारी ग्राम सोनवर्षा, पोस्ट सोनवर्षा, थाना औद्योगिक क्षेत्र, जिला बक्सर की निवासी हैं. उनके पिता मिथिलेश मिश्रा पत्रकार हैं तथा माता मीरा देवी हैं. परिवार में बड़े पापा कमलेश्वर मिश्र, बड़ी मां रूबी देवी, मछली मां अंशु मिश्रा तथा बड़े भाई अमित मिश्रा का उन्हें लगातार सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा. परिवार के सदस्यों ने उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया है.

अमित मिश्र 


मधु कुमारी की प्रारंभिक शिक्षा माउंट कार्मेल स्कूल, हजारीबाग से हुई. उन्होंने वर्ष 2017 में माउंट कार्मेल स्कूल से मैट्रिक तथा वर्ष 2019 में संत जेवियर्स स्कूल, हजारीबाग से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद वर्ष 2022 में दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की.

विशेष बात यह है कि उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया. बक्सर स्थित अपने निवास पर रहकर प्रतिदिन 7 से 8 घंटे अध्ययन किया और सेल्फ स्टडी के माध्यम से पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली. उनका कहना है कि सफलता का सबसे बड़ा श्रेय उनके पूरे परिवार को जाता है, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाया.

अपने भविष्य के लक्ष्य के बारे में मधु कुमारी ने कहा कि वह ईमानदारी पूर्वक लोक सेवा करना चाहती हैं और अंत्योदय की भावना का अनुसरण करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करेंगी.

युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, "मेहनत करते रहिए, एक दिन सफलता जरूर मिलेगी. दृढ़ता और स्थिरता सफलता का मूल मंत्र है."

मधु कुमारी की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.












Post a Comment

0 Comments