वीडियो : बक्सर में बड़ा घटनाक्रम, इटाढ़ी आरओबी टूटा तो फिर खुली रेलवे क्रॉसिंग ..

अधिकारियों के अनुसार लगभग एक घंटे के भीतर परिचालन शुरू कर दिया जाएगा और अगले 10 दिनों तक यहां से आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा. इसके बाद निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा होने पर रेलवे क्रॉसिंग को फिर से बंद किया जा सकता है.





                               



  • 26.40 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त, भारी वाहनों की आवाजाही रोकी गई
  • 31 मई से बंद थी रेलवे क्रॉसिंग, 10 दिनों के लिए दोबारा शुरू होगा परिचालन

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : हाल ही में शुरू किए गए इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. लगभग 26.40 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है. वहीं पुल में आई तकनीकी समस्या के बाद लोगों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है.

जानकारी के अनुसार, इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से आरओबी का निर्माण कराया गया था. पुल पर वाहनों का परिचालन शुरू होने के बाद 31 मई से रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर दिया गया था और सभी वाहनों को नए पुल के जरिए गुजरने की अनुमति दी गई थी. लेकिन कुछ ही दिनों बाद पुल के एक हिस्से में दरार और टूट-फूट की स्थिति सामने आने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया.

आरओबी के क्षतिग्रस्त होने की सूचना के बाद मौके पर अधिकारियों की हलचल बढ़ गई. पुल पर सुरक्षा कारणों से भारी वाहनों का परिचालन तत्काल रोक दिया गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे.

इसी बीच रेलवे अधिकारियों ने राहत भरा फैसला लेते हुए बंद की गई इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को दोबारा खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार लगभग एक घंटे के भीतर परिचालन शुरू कर दिया जाएगा और अगले 10 दिनों तक यहां से आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा. इसके बाद निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा होने पर रेलवे क्रॉसिंग को फिर से बंद किया जा सकता है.

अधिकारियों ने बताया कि फाटक को फिलहाल केवल दोनों तरफ से घेरकर बंद किया गया था. पटरियों के बीच लगाए गए रबड़ और अन्य संरचनाओं को नहीं हटाया गया था, जिससे दोबारा परिचालन शुरू करने में आसानी हुई. फिलहाल पुल की तकनीकी जांच और मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है.

वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments