डीपीसी की बैठक में प्रभारी मंत्री सख्त, ऑक्सीजन प्लांट से लेकर बिजली और सड़कों तक दिए कई निर्देश ..

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, राजस्व, पेयजल और सड़क सहित कई विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखें, बल्कि धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें.






                               


  • सदर अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट जल्द चालू कराने, बिजली समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
  • एनएचएआई प्रतिनिधि की अनुपस्थिति पर नोटिस, खराब सड़क बनाने वाले संवेदकों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने की. बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, राजस्व, पेयजल और सड़क सहित कई विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखें, बल्कि धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें.

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सदर अस्पताल के लंबे समय से अधिष्ठापित ऑक्सीजन प्लांट को जल्द क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया. चिकित्सकों की उपस्थिति और रोस्टर की जांच पर भी जोर दिया गया. बिजली विभाग को नए कनेक्शन के आवेदनों का त्वरित निष्पादन तथा बिल संबंधी त्रुटियों को कैंप लगाकर दूर करने के निर्देश मिले.

बैठक के दौरान एनएचएआई के प्रतिनिधि की बिना सूचना अनुपस्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई और पृच्छा नोटिस जारी करने का निर्देश दिया. वहीं, अनुरक्षण अवधि में खराब सड़कों की स्थिति मिलने पर संबंधित संवेदकों को काली सूची में डालने की चेतावनी दी गई.

इसके अलावा भूमिहीन महादलित परिवारों को बासगीत पर्चा उपलब्ध कराने, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांचने तथा नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई और खुले में मांस बिक्री पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए. बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने की अपील की.













Post a Comment

0 Comments