बड़ी संख्या में सरकारी नलकूप और चापाकल खराब या बंद पड़े हैं. इसके कारण लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और जल संकट की स्थिति में लोगों की समस्या और गंभीर हो सकती है.
- भीषण गर्मी और पेयजल संकट को लेकर विधायक ने लिखी थी चिट्ठी
- मंत्री संजय कुमार सिंह ने विभागीय स्तर पर त्वरित पहल का दिया भरोसा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट और खराब पड़े सरकारी नलकूपों का मुद्दा बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह तक पहुंचाया है. विधायक की ओर से उठाए गए मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई के लिए विभाग के प्रधान सचिव को निर्देशित कर दिया है.
विधायक आनंद मिश्र ने अपने पत्र में कहा था कि बक्सर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि बड़ी संख्या में सरकारी नलकूप और चापाकल खराब या बंद पड़े हैं. इसके कारण लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और जल संकट की स्थिति में लोगों की समस्या और गंभीर हो सकती है.
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया था कि उन्होंने इस विषय को पहले भी 24 फरवरी 2026 को बिहार विधानसभा के पटल पर उठाया था. इसके बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से वर्तमान स्थिति चिंताजनक बन गई है. विधायक ने पूरे क्षेत्र में अभियान चलाकर खराब नलकूपों और चापाकलों की मरम्मत कराने तथा वार्ड और ग्रामवार सूची उपलब्ध कराने की मांग की थी.
वहीं विधायक के पत्र पर जवाब देते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि विधायक के पत्र को आवश्यक निर्देशों के साथ विभाग के प्रधान सचिव को अग्रसारित कर दिया गया है ताकि मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय स्तर पर कार्रवाई कितनी तेजी से होती है और बंद पड़े नलकूपों को चालू कर पेयजल संकट से लोगों को कब राहत मिलती है.






.png)









0 Comments