कहा कि जब तक विपक्ष राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाए रखेगा, तब तक कांग्रेस के लिए राजनीतिक उभार मुश्किल होगा. उन्होंने बिहार विधान परिषद चुनाव, विपक्षी गठबंधन, इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज विवाद और जिला परिषद सदस्यों की शिकायतों पर अपनी बात रखी.

- बक्सर में मंत्री श्रीभगवान कुशवाहा का विपक्ष पर हमला, इटाढ़ी आरओबी जांच और विकास निधि विवाद पर भी बोले
- इटाढ़ी आरओबी मामले में इंजीनियरों पर भी हो सकती है एफआईआर, जिला परिषद प्रतिनिधिमंडल ने सौंपी शिकायत
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने अपने बक्सर दौरे के दौरान राजनीतिक मुद्दों से लेकर विकास कार्यों और प्रशासनिक शिकायतों तक कई विषयों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी. विपक्षी एकता और राहुल गांधी, अखिलेश यादव तथा ममता बनर्जी सहित कई दलों के एकजुट होने की चर्चाओं पर मंत्री ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि "नरेंद्र मोदी एनडीए के नेता हैं और वे शेर हैं. शेर को घेरने के लिए चाहे जितनी बिल्लियां इकट्ठा हो जाएं, शेर घिरने वाला नहीं है."
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक विपक्ष राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाए रखेगा, तब तक कांग्रेस के लिए राजनीतिक उभार मुश्किल होगा. उन्होंने बिहार विधान परिषद चुनाव, विपक्षी गठबंधन, इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज विवाद और जिला परिषद सदस्यों की शिकायतों पर अपनी बात रखी.
दीपक प्रकाश के भविष्य पर बोले मंत्री
एमएलसी चुनाव और महागठबंधन की रणनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और गठबंधन के सभी विधायक मजबूती से साथ खड़े हैं. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता दीपक प्रकाश को एनडीए की ओर से एमएलसी उम्मीदवार नहीं बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके भविष्य के बारे में सबसे बेहतर जानकारी उनके पिता और एनडीए नेता उपेंद्र कुशवाहा ही दे सकते हैं.
इटाढ़ी आरओबी मामले में सख्त रुख
दूसरी ओर, उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हुए 26.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज मामले पर मंत्री ने सख्त रुख दिखाया. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. उन्होंने बताया कि फिलहाल संवेदक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, लेकिन जांच में यदि अभियंता या विभागीय अधिकारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी.
गुणवत्ता से समझौता नहीं
मंत्री ने कहा कि सरकार निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच के दायरे में आने वाले सभी लोगों पर कार्रवाई होगी तथा दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.
जिला परिषद प्रतिनिधिमंडल ने सौंपी शिकायत
इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भी मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने उप विकास आयुक्त पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार और विकास योजनाओं में उदासीनता का आरोप लगाया. ज्ञापन में कहा गया कि जिला परिषद मद की लगभग 80 करोड़ रुपये की राशि खर्च नहीं हो पा रही है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं.
15 दिनों में समाधान का भरोसा
मंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से बात की है. उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने 15 दिनों का समय मांगा है. मंत्री ने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी और शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.





.png)










0 Comments