बार-बार बिजली के तार जल जाने से घंटों आपूर्ति बाधित रहती है. वहीं एक ट्रांसफार्मर भी खराब पड़ा हुआ है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक उसे बदलने या मरम्मत कराने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
- वार्ड 22 और 23 के लोगों ने जले तार व खराब ट्रांसफार्मर बदलने की मांग उठाई
- दोपहर 12 बजे तक अधिकारी नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 एवं 23 स्थित सोहनीपट्टी मोहल्ले के दर्जनों लोगों ने सोमवार को लगातार बनी बिजली समस्या के विरोध में चरित्रवन स्थित पावर हाउस पहुंचकर जमकर हंगामा किया. लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए तत्काल समाधान की मांग की.
वार्ड पार्षद गुड्डू कुमार, विकास कुमार, दीपक कुमार समेत बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों का आरोप है कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. बार-बार बिजली के तार जल जाने से घंटों आपूर्ति बाधित रहती है. वहीं एक ट्रांसफार्मर भी खराब पड़ा हुआ है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक उसे बदलने या मरम्मत कराने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार कॉल सेंटर पर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई. अधिकारियों को फोन और संदेश भी भेजे गए, परंतु किसी प्रकार का संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इससे मोहल्ले के लोगों में भारी नाराजगी है.
स्थानीय लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली बाधित रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया है. बिजली नहीं रहने के कारण मोटर नहीं चल पा रही है, जिससे लोगों को पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है. बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पावर हाउस पहुंचे लोगों ने जले हुए तारों को बदलने, खराब ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने तथा नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की. हालांकि, लोगों का आरोप है कि दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में कोई अधिकारी मौजूद नहीं था. इससे उनका गुस्सा और बढ़ गया.
मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे. उन्होंने विभाग से तत्काल कार्रवाई कर क्षेत्र में सुचारु बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की.





.png)








0 Comments