फल मंडी, सामुदायिक भवन और दुर्गेश उपाध्याय प्रकरण पर डीपीसी की बैठक में गरजे सौरभ तिवारी ..

खलासी मोहल्ला स्थित सामुदायिक भवन, भगत सिंह चौक के समीप लगने वाली फल मंडी और भाजपा कार्यकर्ता दुर्गेश उपाध्याय के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला प्रमुखता से उठाया. इसके साथ ही जिले से जुड़े बिजली, सड़क, पार्क, किसानों और जन सुविधाओं से संबंधित कई मुद्दों को भी बैठक में रखा गया.

 





                               


  • खलासी मोहल्ला भवन को वृद्धाश्रम बनाने पर उठे सवाल, फल मंडी को बाजार समिति में स्थानांतरित करने की मांग
  • भाजपा कार्यकर्ता प्रकरण में जांच के निर्देश, बिजली, सड़क और जन समस्याओं पर भी हुई चर्चा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : समाहरणालय परिसर में सोमवार को आयोजित जिला बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में जिला बीस सूत्री सदस्य एवं भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी ने खलासी मोहल्ला स्थित सामुदायिक भवन, भगत सिंह चौक के समीप लगने वाली फल मंडी और भाजपा कार्यकर्ता दुर्गेश उपाध्याय के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला प्रमुखता से उठाया. इसके साथ ही जिले से जुड़े बिजली, सड़क, पार्क, किसानों और जन सुविधाओं से संबंधित कई मुद्दों को भी बैठक में रखा गया. प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नन्दकिशोर राम ने विभिन्न विषयों पर समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए.

बैठक में जिला के निवर्तमान अध्यक्ष एवं जिला बीस सूत्री के उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे. इस दौरान सौरभ तिवारी ने प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बक्सर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

सौरभ तिवारी ने कहा कि पूर्व में खलासी मोहल्ला स्थित सामुदायिक भवन को वृद्धाश्रम में परिवर्तित किए जाने का विषय प्रमुखता से उठाया गया था. इस मामले पर समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने वृद्धाश्रम को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की बात कही.

उन्होंने भगत सिंह चौक के समीप लगने वाली फल मंडी को बाजार समिति परिसर में व्यवस्थित करने की मांग भी रखी. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में दो छात्रा विद्यालय, एक 10+2 विद्यालय तथा एसबीआई की मुख्य शाखा स्थित है, जिससे यहां लगातार भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है तथा सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी रहती हैं.

बैठक के दौरान भाजपा कार्यकर्ता दुर्गेश उपाध्याय के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का मामला भी उठाया गया. सौरभ तिवारी ने आरोप लगाया कि नगर थाना अध्यक्ष ने न सिर्फ दुर्व्यवहार किया बल्कि उन्हें घंटों तक थाने में बैठाकर रखा. इस मामले पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

इसके अलावा बैठक में चिलहरी गांव में पावर सब स्टेशन होने के बावजूद बिजली समस्या बने रहने का मामला भी उठाया गया. सिविल लाइंस मोहल्ला के वार्ड संख्या-31 स्थित खदान क्षेत्र को सामुदायिक पार्क के रूप में विकसित करने की मांग भी रखी गई.

बैठक में महर्षि विश्वामित्र पार्क के शिलान्यास एवं भूमि पूजन के बाद भी कार्य बंद रहने का मामला उठाया गया. शहर के विभिन्न मोहल्लों में घरों की छतों के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तारों को व्यवस्थित करने की मांग भी की गई.

इसके अलावा बक्सर-सिकरौल नहर रोड के नूवांव से सिकरौल तक उखाड़ी गई सड़क से लोगों को हो रही परेशानी, किसानों को खेत के आधार पर खाद उपलब्ध कराने, रघुनाथपुर बगेन रोड से केनरा बैंक होते हुए मास्टर टोला तक नई सड़क निर्माण, विभिन्न गांवों में सड़क निर्माण एवं मिट्टी भराई, नहर कटाई कार्य, सभी मठ-मंदिरों के लिए समिति गठन तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर चापाकल लगाने की मांग भी बैठक में रखी गई.












Post a Comment

0 Comments