जब परिवार के लोग जागे तो उनकी पुत्री अपने कमरे में नहीं मिली. इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
- 12 जून से घर से गायब है युवती, परिजन लगातार कर रहे तलाश
- पड़ोस के युवक समेत तीन लोगों पर सहयोग का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के नई बाजार तातो मुहल्ला से लापता हुई एक 22 वर्षीय युवती का सात दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है. परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए नगर थाने में आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई और बरामदगी की मांग की है.
नई बाजार तातो मुहल्ला निवासी एक व्यक्ति द्वारा नगर थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार 11 जून की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे. 12 जून की सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के लोग जागे तो उनकी पुत्री अपने कमरे में नहीं मिली. इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मुहल्ले का ही रहने वाला चंदन कुमार युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया है. परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से आरोपित युवक भी अपने घर पर नहीं है, जिससे उनका संदेह और गहरा गया है.
परिजनों ने यह भी बताया है कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है. ऐसे में उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है. आवेदन में चंदन कुमार के भाई घुरूहु कुमार तथा नंदन पर भी सहयोग करने का आरोप लगाया गया है.
परिजनों का कहना है कि सात दिनों की लगातार खोजबीन के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी और मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की.
इस संबंध में नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि युवती की तलाश जारी है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है तथा शीघ्र ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.





.png)








0 Comments