शिक्षा और संस्कार की विरासत छोड़ गए श्याम बिहारी पाठक ..

चिकित्सकीय जांच में ब्रेन हेमरेज की पुष्टि हुई. इलाज के दौरान देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की सूचना मिलते ही शुभचिंतकों और परिचितों का उनके आवास पर तांता लग गया.





                              




  • ब्रेन हेमरेज के बाद उपचार के दौरान ली अंतिम सांस, शोक में डूबा परिवार
  • शिक्षा, पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शिक्षा जगत में अपनी सादगी, अनुशासन और समर्पण के लिए पहचान रखने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक श्याम बिहारी पाठक अब इस दुनिया में नहीं रहे. मंगलवार देर रात उनके निधन की खबर मिलते ही शिक्षा, पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. वे वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र पाठक के पिता तथा वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद चौबे के ससुर थे.

परिजनों के अनुसार मंगलवार दोपहर शहर के जेल रोड स्थित वुड स्टॉक स्कूल के समीप स्थित उनके आवास पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. चिकित्सकीय जांच में ब्रेन हेमरेज की पुष्टि हुई. इलाज के दौरान देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की सूचना मिलते ही शुभचिंतकों और परिचितों का उनके आवास पर तांता लग गया.

श्याम बिहारी पाठक ने लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं. आदर्श मध्य विद्यालय, इटाढ़ी में शिक्षक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने हजारों विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने का काम किया. वर्ष 2013 में सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े रहे. अपने विनम्र व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वे सभी वर्गों में सम्मानित थे.

परिवार के लिए यह दूसरा बड़ा आघात है. उनकी पत्नी का लगभग 10 वर्ष पूर्व ही निधन हो गया था. अब उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वे अपने पीछे तीन पुत्र, एक पुत्री तथा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके बड़े पुत्र धर्मेंद्र पाठक पत्रकारिता एवं स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र से जुड़े हैं. दूसरे पुत्र राघवेंद्र पाठक वाराणसी में इंजीनियर हैं, जबकि तीसरे पुत्र शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत हैं. उनकी पुत्री का विवाह वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद चौबे से हुआ है, जो वर्तमान में मध्य विद्यालय, इटाढ़ी में प्रधानाध्यापक हैं.

उनके निधन पर पत्रकारों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बुद्धिजीवियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है. सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है.













Post a Comment

0 Comments