डॉ मनीष कुमार शशि इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित संस्थाओं से सम्मान प्राप्त कर चुके हैं. वे जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के विभिन्न कार्यक्रमों में निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं देते रहे हैं.
त्रिभुवन विश्वविद्यालय, काठमांडू में आयोजित भारत-नेपाल शिक्षा सम्मेलन में मिला सम्मान
ग्रामीण बच्चों के लिए डिजिटल शिक्षा और नवाचारी शिक्षण पद्धति के प्रयासों को मिली पहचान
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के डुमरांव निवासी शिक्षक डॉ मनीष कुमार शशि ने एक बार फिर जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है. नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय के कानून विभाग सभागार में आयोजित भारत-नेपाल शिक्षा सम्मेलन सह अंतरराष्ट्रीय उत्कृष्ट शिक्षा पुरस्कार समारोह में उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
यह सम्मान विद्यार्थियों के हित में किए गए नवाचारी कार्यों, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया. समारोह में त्रिभुवन विश्वविद्यालय के डीन प्रो. (डॉ.) डी.एन. पराजुली, नेपाल के चीफ ऑफ लीगल एजुकेशन डॉ लक्ष्मी प्रसाद मैनाली, पटना लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ वाणी भूषण, शिक्षाविद् डॉ गुरु रहमान, डॉ सुरेश, डॉ एस.के. पाण्डेय, अंजू कुमारी तथा अमर जायसवाल सहित कई प्रबुद्ध शिक्षाविदों की उपस्थिति रही.
ऑनलाइन माध्यम से गणितज्ञ डॉ के.सी. सिन्हा तथा एससीईआरटी के संजय कुमार ने भी शिक्षकों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया. डॉ मनीष कुमार शशि इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित संस्थाओं से सम्मान प्राप्त कर चुके हैं. वे जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के विभिन्न कार्यक्रमों में निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं देते रहे हैं.
डॉ मनीष ने कहा कि यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके विद्यार्थियों की मेहनत और विश्वास का परिणाम है. उन्होंने कहा कि पुरस्कार जिम्मेदारी का पौधा होता है, जिसे निरंतर मेहनत और समर्पण से सींचना पड़ता है. वहीं शिक्षाविद् डॉ गुरु रहमान ने कहा कि बदलती शिक्षा व्यवस्था में डॉ मनीष जैसे शिक्षक ही देश का भविष्य तैयार कर रहे हैं. उन्होंने ब्लैकबोर्ड से टैबलेट तक की यात्रा को सफल बनाते हुए यह साबित किया है कि एक समर्पित शिक्षक विद्यार्थियों का भविष्य बदल सकता है.
सम्मान की खबर मिलते ही बक्सर जिले के शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों में खुशी की लहर दौड़ गई. भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव शत्रुघ्न प्रसाद गुप्ता सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया.





.png)








0 Comments