रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से ट्रैक की मजबूती बढ़ेगी और ट्रेनों का परिचालन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुचारू हो सकेगा. गिट्टी रहित ट्रैक में रखरखाव की जरूरत कम पड़ती है और बारिश के मौसम में जलजमाव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है.
- ट्रेनों के कोच में कुछ मिनटों में पानी भरने की होगी व्यवस्था
- स्टेशन पर लगेंगे ट्रेन इंडिकेटर, कोच पोजिशन बोर्ड और जीपीएस आधारित घड़ियां
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्थानीय रेलवे स्टेशन आने वाले समय में यात्रियों को पहले से कहीं अधिक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. रेलवे द्वारा स्टेशन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ नई तकनीकों को जोड़ने की तैयारी की गई है. इसके तहत स्टेशन परिसर में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे, जिनमें गिट्टी रहित रेलवे ट्रैक का निर्माण, प्लेटफार्म विस्तार, डिजिटल सूचना प्रणाली और पानी आपूर्ति की अत्याधुनिक व्यवस्था शामिल है. इन कार्यों के बाद यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा और सुरक्षा मिलने की उम्मीद है.
रेलवे की योजना के अनुसार बक्सर स्टेशन के कुछ प्रमुख ट्रैकों को पारंपरिक गिट्टी वाले ढांचे से हटाकर आधुनिक गिट्टी रहित ट्रैक में बदला जाएगा. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से ट्रैक की मजबूती बढ़ेगी और ट्रेनों का परिचालन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुचारू हो सकेगा. गिट्टी रहित ट्रैक में रखरखाव की जरूरत कम पड़ती है और बारिश के मौसम में जलजमाव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है.
डिजिटल सिस्टम से यात्रियों को मिलेगी तत्काल जानकारी
स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी देने की व्यवस्था भी अब अधिक आधुनिक बनाई जाएगी. इसके तहत ट्रेन इंडिकेटर बोर्ड, कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम और जीपीएस आधारित घड़ियां लगाई जाएंगी. इससे यात्रियों को ट्रेन आने और जाने के समय के साथ-साथ उनके कोच की स्थिति की जानकारी आसानी से मिल सकेगी. अक्सर यात्रियों को कोच ढूंढने के लिए इधर-उधर भागना पड़ता है, लेकिन नई व्यवस्था से इस परेशानी में कमी आएगी.
लंबी ट्रेनों के लिए बढ़ेगा प्लेटफार्म
रेलवे द्वारा स्टेशन के प्लेटफार्म की ऊंचाई और लंबाई में भी विस्तार करने की योजना है. कई बार लंबी ट्रेनों के कुछ डिब्बे प्लेटफार्म से बाहर रह जाते हैं, जिससे यात्रियों को चढ़ने और उतरने में परेशानी होती है. विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. प्लेटफार्म के विस्तार के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी.
कम समय में ट्रेनों तक पहुंचेगा पानी
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए स्टेशन पर ट्रेनों के कोच में कम समय के भीतर पानी भरने की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी. नई प्रणाली लागू होने के बाद ट्रेनों में पानी भरने की प्रक्रिया पहले की तुलना में तेज होगी. इससे ट्रेनों के अनावश्यक ठहराव में कमी आएगी और समय पालन में भी सुधार हो सकता है.
यात्रियों की बढ़ती संख्या और भविष्य की योजनाओं को लेकर बढ़ाई जा रही सुविधाएं
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के अनुसार यात्रियों की बढ़ती संख्या और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर चरणबद्ध तरीके से इन सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है. इन कार्यों के पूरा होने के बाद बक्सर स्टेशन क्षेत्र के आधुनिक रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में अपनी अलग पहचान बना सकता है.





.png)








0 Comments