गंगा आरती मंडप में नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, झब्बू जी को याद कर भावुक हुए सदस्य ..

कहा कि झब्बू जी ने अपने जीवन में अधिवक्ता के रूप में न्याय और सत्यनिष्ठा का परिचय दिया, वहीं गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष के रूप में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.


 




                              




  • वरिष्ठ अधिवक्ता एवं गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष के निधन पर शोक सभा आयोजित
  • गंगा संरक्षण, समाजसेवा और जनहित के कार्यों को बताया अविस्मरणीय योगदान

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : गंगा सेवा समिति, रामरेखा घाट के अध्यक्ष एवं जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय विजय कुमार वर्मा उर्फ झब्बू जी के निधन पर मंगलवार को रामरेखा घाट स्थित गंगा आरती मंडप में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. शोकाकुल माहौल में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा.

सभा की अध्यक्षता रोहतास गोयल ने की, जबकि संचालन समिति के सचिव रामस्वरूप अग्रवाल ने किया. वक्ताओं ने कहा कि झब्बू जी ने अपने जीवन में अधिवक्ता के रूप में न्याय और सत्यनिष्ठा का परिचय दिया, वहीं गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष के रूप में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

रोहतास गोयल ने कहा कि स्वर्गीय विजय कुमार वर्मा का व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणादायी था. गंगा संरक्षण, समाजसेवा और जनहित के कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी. वहीं रामस्वरूप अग्रवाल ने कहा कि उनका निधन अधिवक्ता समाज, गंगा सेवा समिति और पूरे जिले के लिए अपूरणीय क्षति है. उनका सादगीपूर्ण जीवन और सेवा भाव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा.

सभा में उपस्थित सदस्यों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.

इस अवसर पर हरिशंकर गुप्ता, सुरेश संगम, मोती बाबा, ईश्वर चंद्र चौधरी, बसंत कुमार, विजय चौरसिया, संजय राय सहित गंगा सेवा समिति के अन्य सदस्य, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.













Post a Comment

0 Comments