वीडियो : एक फोन कॉल... और खत्म हो गई जिंदगी! बक्सर की इस मौत का क्या है सच?

आरोप है कि रविवार की शाम उसे जहर देकर मार दिया गया. शाम में फोन कर बताया गया कि सुमन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है. सूचना मिलने पर जब परिवार के लोग उसकी ससुराल पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिली. 




                              


  • मायके पक्ष ने जहर देकर हत्या करने का लगाया आरोप, दहेज प्रताड़ना की भी कही बात
  • पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार, पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई जारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित ब्रह्म चौरा के समीप एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया.

जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव निवासी श्रीनिवास ने वर्ष 2021 में अपनी पुत्री सुमन शाक्या की शादी बगेन गोला निवासी रमेश कुमार के साथ की थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सुमन को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था. इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार समझौते का प्रयास भी हुआ, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.

मृतका के भाई नीतीश कुमार ने बताया कि उनकी बहन के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी. उनका आरोप है कि रविवार की शाम उसे जहर देकर मार दिया गया. शाम में फोन कर बताया गया कि सुमन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है. सूचना मिलने पर जब परिवार के लोग उसकी ससुराल पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिली. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई.

परिजनों ने बताया कि सुमन अपने पीछे चार वर्षीय पुत्र को छोड़ गई है. वहीं, उसका पति रमेश कुमार नया बाजार स्थित निजी साकेत हॉस्पिटल का संचालन करता है. घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

इस मामले में नगर थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. उन्होंने बताया कि आरोपी पति रमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया था, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.













Post a Comment

0 Comments