मद्य निषेध सिपाही परीक्षा को लेकर बक्सर स्टेशन पर चौकसी, अभ्यर्थियों के लिए चलीं दो स्पेशल ट्रेनें ..

किसी प्रकार की अव्यवस्था या अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई. स्टेशन परिसर में लगातार माइकिंग कर अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे.




                              


  • सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, रेलवे और पुलिस प्रशासन पूरे दिन रहा सक्रिय
  • माइकिंग के जरिए दिए गए दिशा-निर्देश, रेलकर्मियों ने की अभ्यर्थियों की मदद

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर विशेष चौकसी बरती गई. बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों को देखते हुए रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की थीं. स्टेशन परिसर में सुबह से ही चहल-पहल का माहौल रहा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे अधिकारियों के साथ पुलिस बल लगातार सक्रिय रहा.

अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया. अधिकारियों के अनुसार, एक स्पेशल ट्रेन दोपहर करीब एक बजे प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंची. इसके बाद लगभग 1:30 बजे ट्रेन परीक्षार्थियों को लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई. स्पेशल ट्रेनों के संचालन से अभ्यर्थियों को काफी राहत मिली और नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ा.

ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के दौरान प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही. आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार निगरानी करते रहे. किसी प्रकार की अव्यवस्था या अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई. स्टेशन परिसर में लगातार माइकिंग कर अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे. यात्रियों से कतारबद्ध होकर ट्रेन में चढ़ने, धक्का-मुक्की नहीं करने तथा संयम बनाए रखने की अपील की गई.

रेलवे कर्मी भी अभ्यर्थियों की सहायता के लिए पूरी तरह मुस्तैद दिखे. कई स्थानों पर कर्मचारी स्वयं यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म और कोच तक पहुंचाने में मदद करते नजर आए. बेहतर समन्वय और सुव्यवस्थित प्रबंधन का असर यह रहा कि भारी भीड़ के बावजूद स्टेशन पर व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और कहीं से भी हंगामे या किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.

इस दौरान यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय, स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना, आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार, जीआरपी प्रभारी मनी चंद्र पाण्डेय तथा सीआईटी अजय कुमार मीणा सहित कई अधिकारी मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे.













Post a Comment

0 Comments